रायगढ़, 13 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा और तंबाकू नियंत्रण को लेकर रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में Cigarettes and Other Tobacco Products Act, 2003 (COTPA Act) के तहत एक ही दिन में सख्त कार्रवाई करते हुए 80 प्रकरण दर्ज किए गए और कुल 16,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बस स्टैंड, बाजार, शासकीय कार्यालयों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही पान दुकानों और अन्य विक्रेताओं द्वारा तंबाकू उत्पादों की पैकेजिंग और स्वास्थ्य चेतावनी से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने पर भी जुर्माना लगाया गया। अवैध तंबाकू विक्रय पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है।
कार्रवाई के तहत थाना तमनार क्षेत्र में 27 प्रकरणों में 5,400 रुपये, धरमजयगढ़ में 17 प्रकरणों में 3,400 रुपये, लैलूंगा में 16 प्रकरणों में 3,200 रुपये, छाल में 11 प्रकरणों में 2,200 रुपये, थाना कापू में 7 प्रकरणों में 1,400 रुपये और कोतरारोड़ क्षेत्र में 2 प्रकरणों में 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी अभियान के दौरान सम्बलपुरी रोड स्थित बटर फ्लाई गार्डन/रेस्टोरेंट में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रेड कार्रवाई की। जांच में रेस्टोरेंट के मैनेजर चंदन कुमार पत्रो (39 वर्ष) द्वारा बिना वैध अनुमति सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों के साथ हुक्का पिलाते पाया गया। मौके पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने दो हुक्का पॉट, दो सेंटर बेस, चार पैकेट फ्लेवर तंबाकू और एक पाइप सहित लगभग 8,000 रुपये का सामान जब्त किया। आरोपी के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में कोटपा एक्ट की धारा 5/22 के तहत कार्रवाई की गई है।
पूरी कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की टीम के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ऑपरेशन आघात के तहत कोटपा एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान या तंबाकू के अवैध उपयोग एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
