जगदलपुर, 22 जुलाई (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने केंद्रीय जेल जगदलपुर से फरार दंडित बंदी महेंद्र दीवान को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। करीब तीन महीने पहले जेल की दीवार फांदकर फरार हुए आरोपी को कोतवाली जगदलपुर पुलिस ने नारायणपुर में छिपे होने की सूचना पर घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ कांकेर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों में चोरी सहित कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महेंद्र दीवान (25 वर्ष) पिता फूलदास दीवान, निवासी चितालका कलारपारा, थाना चितालंका, जिला दंतेवाड़ा का रहने वाला है। वह केंद्रीय जेल जगदलपुर में न्यायालय से दंडित होकर बंद था। मार्च 2026 में उसने जेल की दीवार फांदकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली थी। इस घटना के बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी नारायणपुर जिले में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम नारायणपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से घेराबंदी कर महेंद्र दीवान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जगदलपुर लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार महेंद्र दीवान के खिलाफ जिला कांकेर में एक, जिला दंतेवाड़ा में दो तथा बस्तर सहित विभिन्न थानों में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी समेत अन्य अपराध शामिल हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, निरीक्षक भोला सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा, प्रधान आरक्षक मौसम गुप्ता, आरक्षक महंगू राम कश्यप, कृष्णा कुमार नेताम तथा थाना नारायणपुर के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बस्तर पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

