कोरबा, 21 जुलाई (वेदांत समाचार)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ, शासकीय इंदिरा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोरबा (अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर से संबद्ध) के तत्वावधान में सोमवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और सतत विकास के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।
महाविद्यालय एवं छात्रावास परिसर के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में प्राचार्य, प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बादाम, आंवला, जामुन, आम और नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया ताकि आने वाले समय में ये पौधे बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल. एन. कंवर ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “मां जीवन का आधार हैं और वृक्ष पृथ्वी पर जीवन के संवाहक हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।”
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. अजय कुमार पटेल ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान महज एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम है। यदि प्रत्येक स्वयंसेवक एक पौधे को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह बड़ा योगदान साबित होगा।
कार्यक्रम में डॉ. बी. एल. साय, डॉ. एस. के. गोभिल, रजिस्ट्रार के. एस. कंवर, कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती मधु कंवर, दीपक टेकाम, जीवन यादव तथा श्रीमती निर्मला राठौर की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं एनएसएस स्वयंसेवकों दीपक प्रसाद, भव्य रात्रे, श्रद्धा महंत, आस्था बिंझवार और देव कुमार बिंझवार ने पौधरोपण अभियान एवं कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के अभियान युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ समाज को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

