रायपुर, 21 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ की प्रगति में एक ऐसा अध्याय जुड़ गया है, जो प्रशासनिक सुधार के साथ ही राज्य के लाखों शासकीय कर्मचारियों के जीवन में नई उम्मीद और सुरक्षा का संचार भी कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रारंभ की गई ‘वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण योजना’ सुशासन की दिशा में एक महवपूर्ण कदम है। कर्मचारी कल्याण को केंद्र में रखकर तैयार की गई यह योजना एक वित्तीय सुविधा, संवेदनशील शासन, आधुनिक तकनीक और मानवीय दृष्टिकोण का संगम है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवक राज्य के विकास के मूल में हैं।
राज्य के मुखिया का मानना है कि जब कर्मचारी मानसिक और आर्थिक रूप से सशक्त होंगे तभी वह शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच पाएंगे। यही सोच इस योजना की आत्मा है।आज के दौर में स्वास्थ्य संबंधी, पारिवारिक आवश्यकता या अन्य आपात स्थिति जैसी आकस्मिक परिस्थितियां किसी भी कर्मचारी को आर्थिक संकट में डाल सकती हैं। ऐसे विपरीत समय में उनको निजी साहूकारों या ऊँचे ब्याज दर वाले ऋण विकल्पों का सहारा लेना पड़ता है जिससे वे और अधिक मानसिक दबाव वाली परिस्थिति में आ जाते हैं।
सीएम साय की ‘वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण योजना’ कर्मचारियों की आर्थिक समस्या का सीधा और सटीक समाधान प्रस्तुत करती है। बिना ब्याज, त्वरित और सम्मानजनक आर्थिक सहायता, डिजिटल क्रांति का सशक्त उदाहरण बन रहा है। ई-कोष प्रणाली की सबसे बड़ी शक्ति है इसका पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी स्वरूप का होना। ई-कोष (e-Kosh) प्रणाली के माध्यम से इस योजना को लागू किया गया है इस सुविधा में कर्मचारी घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं।
इस योजना के तहत कर्मचारियों के द्वारा लिए गए ऋण पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं आता। आवेदन की पूरी प्रक्रिया पेपरलेस है जिसमें न फाइलों का झंझट है और न ही कार्यालय के चक्कर। इस योजना के लिए ई-केवाईसी आधारित सत्यापन एक तेज और सुरक्षित प्रक्रिया है। पारदर्शिता और समय की बचत के साथ भुगतान हितग्राहियों के बैंक खाते में सीधा पहुँचाया जा रहा है। प्राप्त ऋण का वेतन से आसानी से पुनर्भुगतान करने के लिए स्वचालित किस्त कटौती का प्रावधान है। यह पूरी प्रक्रिया समय बचाने के साथ भ्रष्टाचार और अनावश्यक देरी जैसी समस्याओं को भी समाप्त कर रही है। डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को साकार करने में यह योजना एक और सशक्त कदम साबित हो रहा है।
किसी भी योजना की सफलता उसके प्रभाव और उसकी स्वीकृति से मापी जाती है और इस योजना ने तो अपने प्रारंभिक चरण में ही उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस योजना में अब तक 73 हज़ार से भी अधिक कर्मचारियों ने पंजीकरण कराया है जिसमें से लगभग 27 हज़ार कर्मचारियों ने योजना से लाभ प्राप्त किया है। प्रस्तुत आँकड़ा इस बात का भी प्रमाण हैं कि इसके माध्यम से प्रशासन और कर्मचारियों के बीच भरोसा और अपनापन स्थापित हुआ है। यह सरकारी पहल आज एक भरोसेमंद सहारा बन चुकी है।
साय सरकार के संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता को दर्शाने वाली यह पहल सुनिश्चित कर रही है कि राज्य के कर्मचारी महज़ कार्यबल ही नही बल्कि सम्मानित भागीदार भी हैं। राज्य के मुखिया ने यह भी कहा कि “ऋण योजना आर्थिक सहायता के अलावा कर्मचारियों को मानसिक शांति भी देगी। जब किसी व्यक्ति को यह विश्वास होता है कि संकट के समय सरकार उसके साथ खड़ी है तो उसका आत्मबल स्वतः बढ़ जाता है।”
इस योजना की एक सबसे विशेषता यह है कि यह प्रदेश सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय भार डाले बिना संचालित की जा रही है। वित्त विभाग द्वारा तैयार की गई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) में डेटा सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित की गई है। डिजिटल प्रमाणीकरण के उच्च मानकों का पालन किया जा रहा है जिसमें पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी गई है। कार्यप्रणाली का यह संतुलन दर्शाता है कि सरकार अपनी योजनाओं को टिकाऊ और प्रभावी बना रही है।
प्रदेश के वित्त मंत्री ने भी इस पहल को प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक शानदार कदम बताया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में बेहतर क्रेडिट स्कोर वाले कर्मचारियों को अधिक राशि के ऋण की सुविधा भी दी जा सकती है। इस योजना के लिए प्रदेश के कर्मचारी-अधिकारी संघ के प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है क्योंकि इससे सरकार और कर्मचारियों के बीच विश्वास रिश्ता और भी मजबूत हो रहा है।
यह योजना वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के अलावा भविष्य की दिशा भी तय कर रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, पारदर्शिता और कर्मचारी कल्याण ने मिलकर, आधुनिक, उत्तरदायी और जनहितैषी प्रशासन की नींव रखी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह प्रयास छत्तीसगढ़ को “विकसित और सशक्त राज्य” बनने की दिशा में अग्रसर कर रहा है।
इस योजना की सफलता के साथ अन्य राज्यों के लिए भी एक मॉडल बनने जा रहा है छत्तीसगढ़। ‘वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण योजना’ एक सरकारी योजना होने के अलावा कर्मचारी के सम्मान, सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने वाली एक सोच भी है। समग्रता से कहें तो यह योजना एक ऐसे भविष्य की झलक है जहां शासन और कर्मचारी मिलकर एक मजबूत, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ निर्मित कर रहे हैं।

