कोरबा, 21 जुलाई। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव 23 जुलाई (गुरुवार) को कोरबा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को लगभग 73 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। कार्यक्रम के तहत 36 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा 37 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
उप मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में सड़क, पुल, पेयजल, नाली, गौरव पथ, ओवरहेड टैंक, मल्टीलेवल पार्किंग सहित कई महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, जलापूर्ति एवं नागरिक सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन किए जाने वाले प्रमुख कार्यों में दर्री बराज-कोहड़िया मार्ग पर बेलगरी नाला में 9.11 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग, कुदमुरा-श्यांग मार्ग के गुरमा नाला पर 5.05 करोड़ रुपये, लेमरू-श्यांग मार्ग के लमटी नाला पर 3.74 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में प्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्र के शहरी वर्ग के लिए 90.96 लाख रुपये की लागत से दुकानों का निर्माण, 11.54 करोड़ रुपये की लागत से सीएसईबी चौक से जैन चौक, आईटीआई चौक होते हुए कोसाबाड़ी चौक तक गौरव पथ निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 31 में विभिन्न स्थानों पर नाली एवं कलवर्ट निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 25 शिवाजीनगर, वार्ड 49 प्रगतिनगर और वार्ड 52 अयोध्यापुरी में लगभग 4.40 करोड़ रुपये की लागत से 1500 केएल क्षमता वाले ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन, बाउंड्रीवाल एवं स्विच रूम निर्माण कार्यों की आधारशिला भी रखी जाएगी।
लोकार्पण किए जाने वाले कार्यों में पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पतुरियाडांड में करहिया नाला पर निर्मित स्लैब कलवर्ट, रामपुर एवं पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हुई एकल ग्राम जलप्रदाय योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा तुमान-पुटूवा मार्ग पर अहिरन नदी में 11.50 करोड़ रुपये, सिरली गांड़ा घाट मार्ग पर पितनी नदी में 2.20 करोड़ रुपये तथा झांझ गांड़ा घाट मार्ग पर पितनी नदी में 2.66 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का भी लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा नहर रोड स्थित नवीन पानी टंकी के समीप 17.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण होगा। इस परियोजना के शुरू होने से शहर में पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ यातायात प्रबंधन में भी सुविधा मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण से जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

