जांजगीर-चांपा में 10 भैंस चोरी का पर्दाफाश, वायरल वीडियो से पुलिस ने दबोचे दो आरोपी - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में 10 भैंस चोरी का पर्दाफाश, वायरल वीडियो से पुलिस ने दबोचे दो आरोपी

जांजगीर-चांपा, 21 जुलाई (हि. स.)। जिले की अकलतरा पुलिस ने 10 भैंस चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में सबसे अहम कड़ी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो बना, जिसके आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच और साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस की सक्रिय विवेचना और त्वरित कार्रवाई के चलते चोरी की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली।

जानकारी के अनुसार, अकलतरा थाना क्षेत्र के रहने वाले नंदा यादव ने 12 जुलाई 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को वह अपनी 10 भैंसों को जंगल में चरने के लिए छोड़कर आए थे, लेकिन शाम तक सभी भैंसें वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने भैंस चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में थाना अकलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 402/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान प्रार्थी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला, जिसमें चोरी हुई भैंसों को बिक्री के उद्देश्य से दिखाया जा रहा था। यह वीडियो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। पुलिस ने वीडियो की सत्यता की जांच की और तकनीकी विश्लेषण के साथ अन्य साक्ष्य जुटाते हुए जांच को आगे बढ़ाया।

जांच में वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान अकलतरा थाना क्षेत्र के बम्हनीन निवासी सोमू भारद्वाज के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथी सनी उर्फ सचिन यादव निवासी संजय नगर वार्ड क्रमांक-03, अकलतरा के साथ मिलकर भैंसों को बेचने की योजना बनाने और बिक्री के लिए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में 18 वर्षीय सनी उर्फ सचिन यादव, पिता धर्मेंद्र यादव, निवासी संजय नगर वार्ड क्रमांक-03, अकलतरा तथा 22 वर्षीय सोमू भारद्वाज, पिता सुनील भारद्वाज, निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा शामिल हैं।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, रमन पाटले, अंजनी कश्यप, महेंद्र राज और शेष साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और सक्रिय विवेचना के चलते 10 भैंस चोरी के इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा हो सका।