प्राइवेट स्कूलों पर कलेक्टर सख्त : फीस, किताब और ड्रेस में मनमानी वसूली पर होगी कार्रवाई, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के भी निर्देश - vedantsamachar.in

प्राइवेट स्कूलों पर कलेक्टर सख्त : फीस, किताब और ड्रेस में मनमानी वसूली पर होगी कार्रवाई, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के भी निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 जुलाई 2026। जिले में निजी स्कूलों द्वारा फीस वृद्धि, किताबों और स्कूल ड्रेस की अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला स्तरीय समिति की अध्यक्ष पद्मिनी भोई साहू ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूल फीस, पुस्तक और ड्रेस के नाम पर मनमानी करने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जिले के सभी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की जिला स्तरीय समिति तथा प्राइवेट स्कूलों में फीस बढ़ोतरी, पुस्तक एवं ड्रेस की अधिक कीमत की शिकायतों के लिए गठित निगरानी एवं जांच समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देशित किया कि जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उनका उपचार कराया जा सके।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। शाला त्यागी बच्चों और उनके अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उन्हें शिक्षा का महत्व, दैनिक जीवन में पढ़ाई की उपयोगिता और भविष्य में रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी देकर दोबारा स्कूल से जोड़ने का प्रयास किया जाए।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा करते हुए सभी स्कूलों में भोजन तैयार करने के लिए एलपीजी गैस चूल्हे का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन बच्चों को उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में निजी स्कूलों में फीस वृद्धि, पुस्तक और ड्रेस की अधिक कीमत को लेकर प्राप्त शिकायतों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला स्तरीय निगरानी समिति और ब्लॉक स्तरीय जांच दल को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाए और छत्तीसगढ़ शासकीय विद्यालय एवं फीस विनियम विधेयक-2020 के प्रावधानों के तहत दोषी पाए जाने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, एसडीएम, जिला एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला प्रबंधक खाद्य नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निजी स्कूलों में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।