Love Jihad : वसीम ने समीर बनकर महिला से की शादी,अब धर्म बदलने का बना रहा दबाव

रायबरेली, 06 जुलाई । टीवी मकैनिक ने समीर प्रताप सिंह बनकर एक महिला को पहले अपने प्रेम जाल में फंसाकर शादी की और अब धर्म बदलने का दबाव बना रहा है।

पीड़ित महिला ने असलियत सामने आने पर पुलिस की शरण ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

नगर कोतवाली क्षेत्र के राना नगर मोहल्ले की रहने वाली एक पीड़ित महिला का कहना है कि उसके घर में अक्सर टीवी ठीक करने एक मैकेनिक आता था। उसने अपना नाम समीर प्रताप सिंह बताया। उसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हुई तो उसने पीड़ित को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए।

पीड़ित ने शादी के लिए दबाव बनाया तो काफी दिन मामला टलता रहा। काफी जद्दोजहद के बाद आरोपी ने अपने परिजनों के समक्ष उसके साथ शादी कर ली। शादी के बाद जब पीड़िता ससुराल पहुंची तब उसे पता चला कि उसका पति समीर नहीं बल्कि मोहम्मद वसीम है। इसके बाद उसके पांव के नीचे की जमीन खिसक गई। हालात ऐसे बने हुए थे कि पीड़िता को समझौता करना पड़ा और वह उसके साथ रहने को मजबूर हो गई। इस समय पीड़ित का एक सात साल का बेटा है।

पीड़ित का कहना है कि अब उसे जबरन धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। जिसके लिए उसे तरह-तरह से मारा-पीटा जाता है। पीड़ित का यह भी कहना है कि उसकी शादी से पहले युवक का विवाह हो चुका था। उसकी एक पत्नी भी है और 10 साल का बेटा भी है। अब पूरा परिवार मिलकर उसे धर्म परिवर्तन के लिए तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहा है। पीड़ित ने अब न्याय की गुहार लगाई है।

अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह के अनुसार महिला द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है।