मंगोलिया में भारतीय संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे बिरला

नई दिल्ली । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगोलिया के स्टेट ग्रेट खुराल (संसद) के अध्यक्ष के निमंत्रण पर छह से आठ जुलाई तक मंगोलिया की यात्रा पर जा रहे भारतीय संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे। भारतीय संसदीय शिष्टमंडल सात साल के अंतराल के बाद मंगोलिया का दौरा कर रहा है। दिसंबर 2021 में मंगोलिया के संसदीय शिष्टमंडल की भारत यात्रा के बाद अब भारतीय संसदीय शिष्टमंडल मंगोलिया जा रहा है।

इस शिष्टमंडल में संसद सदस्य राजेश वर्मा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, नारायण दास गुप्ता, रेबती त्रिपुरा और पबित्रा मार्गेरिटा के साथ लोक सभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह शामिल हैं। इस यात्रा से भारत और मंगोलिया के बीच उच्च स्तरीय आदान-प्रदान बनाए रखने के साथ ही दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी। इस यात्रा के दौरान, स्टेट ग्रेट खुराल के अध्यक्ष जेंडनशटार गोम्बोजाव उलान बटार के सुखबटार स्क्वेयर में लोक सभा अध्यक्ष का औपचारिक रूप से स्वागत करेंगे।

शिष्टमंडल के सदस्य मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनागीन खुरेलसुख से मुलाकात करेंगे और मेजबान संसद के अध्यक्ष जेंडनशटार गोम्बोजाव के साथ द्विपक्षीय संसदीय वार्ता करेंगे। मंगोलिया के प्रधानमंत्री ओयुन-एर्डेन लवसन्नामसराय भी लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे।