अमित शाह के दौरे के बाद बंगाल बीजेपी की कोर समिति की अहम बैठक - vedantsamachar.in

अमित शाह के दौरे के बाद बंगाल बीजेपी की कोर समिति की अहम बैठक

कोलकाता , 19 जुलाई । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे के बाद राज्य भाजपा का शीर्ष नेतृत्व रविवार शाम नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के आधिकारिक आवास पर कोर समिति की अहम बैठक करेगा। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, राजनीतिक रणनीति और आने वाले महीनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी।

बैठक में शामिल होंगे शीर्ष नेता
बैठक में शुभेंदु अधिकारी के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, संगठन महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती, सतीश धोंड, महासचिव लॉकेट चटर्जी, ज्योतिर्मय सिंह महतो, सौमित्र खान, शशि अग्निहोत्री और बापी गोस्वामी शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, मंगल पांडे और अमित मालवीय भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

संगठन और राजनीतिक रणनीति पर फोकस
भाजपा सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और सरकार व पार्टी के बीच तालमेल बढ़ाने की रणनीति पर विचार किया जाएगा।

अमित शाह के निर्देशों पर बनेगी कार्ययोजना
यह बैठक अमित शाह के तीन दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के तुरंत बाद हो रही है। सूत्रों का कहना है कि दौरे के दौरान शाह ने राज्य नेतृत्व के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा की और संगठन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। माना जा रहा है कि कोर समिति की बैठक में इन्हीं सुझावों के आधार पर आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

दौरे में कई कार्यक्रमों में शामिल हुए शाह
अमित शाह ने उत्तर बंगाल में सीमा सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़ी बैठकों में हिस्सा लेने के बाद कोलकाता में प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय पुस्तकालय में संग्रहालय का उद्घाटन किया और एक डेयरी परियोजना की आधारशिला भी रखी। दौरा समाप्त होने के बाद उनके दिल्ली लौटने से पहले भाजपा की यह रणनीतिक बैठक राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।