हैदराबाद। हैदराबाद की महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर तेजस्विनी की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। कुछ दिन पहले पीरजादीगुड़ा स्थित एक तालाब से तेजस्विनी का शव बरामद हुआ था। अब मेडिपल्ली पुलिस की जांच में मंदिर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की नई कड़ियां सामने आई हैं। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि मौत के पीछे की वास्तविक वजह का अभी तक अंतिम रूप से पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन तेजस्विनी निर्वस्त्र अवस्था में एक मंदिर पहुंची थी। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में वह मंदिर के भीतर प्रवेश करती हुई दिखाई दी। जांच में सामने आया है कि उसने मंदिर से अम्मावारू देवी की मूर्ति उठाई और वहां से पैदल पास स्थित तालाब की ओर चली गई।
पुलिस का कहना है कि तालाब में कूदते हुए तेजस्विनी का कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है, लेकिन उपलब्ध परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वह मूर्ति के साथ तालाब में उतर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस गोताखोरों की मदद से तालाब में देवी की मूर्ति की तलाश कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि मूर्ति बरामद होने पर जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तेजस्विनी जिस फ्लैट में रह रही थी, उसका किराया बेहद अधिक था। पुलिस के अनुसार, वह प्रतिदिन करीब 3,500 रुपये का भुगतान करती थी, जो महीने में एक लाख रुपये से अधिक बैठता है। जिस अपार्टमेंट में वह रहती थी, उसकी ऊपरी दो मंजिलों पर लॉज संचालित होता था, जहां लगातार लोगों का आना-जाना लगा रहता था। पुलिस ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।
मेडिपल्ली पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। आर्थिक लेनदेन, मोबाइल और डिजिटल रिकॉर्ड, व्यक्तिगत संबंधों तथा अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और सभी तथ्यों की गहन जांच जारी है।
पुलिस ने तेजस्विनी की मां अरुणा से भी पूछताछ की है। अधिकारियों के अनुसार, परिवार से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें।

