इस शहर में मुस्लिम समाज ने किया कुर्बानी का बहिष्कार, गौशाला जाकर गायों को खिलाया फल …

फिरोजाबाद। आज पूरे देश भर में ईद मनाया जा रहा है। इस दिन को बकरीद के नाम से भी जाना जाता है। देशभर के मस्जिदों और दरगाह में लोग सुबह ईद की नमाज में शामिल हुए। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा। एक तरफ जहां कुर्बानी दी जा रही है वहीँ एक शहर ऐसा भी है जहां मुस्लिम समाज ने कुर्बानी का बहिष्कार किया।

फिरोजाबाद जिले में राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के पदाधिकारियों ने अनूठी मिसाल पेश की है और बकरीद पर मुस्लिम समाज के कई लोगों ने कुर्बानी का बहिष्कार कर दिया। इतना ही नहीं मुस्लिम समाज के लोगों ने गौशाला पहुंचकर गायों को फल खिलाकर गोसेवा भी की। मुस्लिम समाज के इस कार्य की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।

वहां के सूफी हसन कादरी ने एक मीडिया से बातचीत में कहा कि गंगा जमुनी तहजीब कहने से नहीं करने से होती है। राष्ट्रीय मुस्लिम मंच की विचारधारा हिंसा विरोधी है। संगठन गांधी जी के विचारों से प्रेरित है। संगठन से जुड़े लोग भगवान राम, कृष्ण को अपना पूर्वज मानते हैं व मांसाहार न खाने की भी सलाह देते हैं।