कोरबा, 18 जुलाई (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद स्कूल, पंप हाउस में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) एवं यातायात पुलिस की ओर से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 700 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में आरटीओ अधिकारी अतुल असैया, सदांद जगड़े के नेतृत्व में यातायात विभाग के मनोज राठौर, ईश्वरी लहरे, संजय, संतोष सिंह, अजय राजवाड़े, एवं मनोज राठौर, सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
अधिकारियों ने छात्रों को सड़क पर सुरक्षित चलने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने की सलाह दी। साथ ही ट्रैफिक सिग्नलों, सड़क संकेतकों और पैदल यात्री नियमों का पालन करने के महत्व को भी विस्तार से समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर उनके सवालों के जवाब भी दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।
विद्यालय प्रबंधन ने आरटीओ एवं यातायात पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

