नई दिल्ली। भारतीय सिंगल माल्ट व्हिस्की ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। राजस्थान में तैयार की जाने वाली गोडावन आर्टिजनल सिंगल माल्ट व्हिस्की ने अमेरिका के शिकागो में आयोजित प्रतिष्ठित बारटेंडर स्पिरिट्स अवॉर्ड्स 2026 में दो बड़े सम्मान अपने नाम कर भारत का गौरव बढ़ाया है। गोडावन 02 फ्रूट एंड स्पाइस को ‘स्पिरिट ऑफ द ईयर – इंडिया’ और ‘इंडियन सिंगल माल्ट व्हिस्की ऑफ द ईयर 2026’ का खिताब मिला है। इसके साथ ही गोडावन के नाम अब तक 125 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार दर्ज हो चुके हैं।
बारटेंडर स्पिरिट्स अवॉर्ड्स विश्व की प्रतिष्ठित स्पिरिट्स प्रतियोगिताओं में शामिल है, जिसका आयोजन बेवरेज ट्रेड नेटवर्क द्वारा किया जाता है। इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें जजिंग बारटेंडर, बार मैनेजर और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा की जाती है, जो प्रतिदिन विभिन्न स्पिरिट्स के साथ काम करते हैं। प्रतियोगिता में स्पिरिट्स का ब्लाइंड टेस्ट किया जाता है, जिसमें गुणवत्ता, सुगंध, स्वाद, संतुलन, फिनिश और समग्र अनुभव का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाता है। साथ ही पैकेजिंग और वैल्यू फॉर मनी जैसे पहलुओं को भी परखा जाता है।
‘स्पिरिट ऑफ द ईयर – इंडिया’ प्रतियोगिता का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। यह पुरस्कार सभी श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली भारतीय स्पिरिट को दिया जाता है। इस वर्ष गोडावन 02 फ्रूट एंड स्पाइस ने यह सम्मान जीतकर भारतीय व्हिस्की उद्योग के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इन दो प्रमुख खिताबों के अलावा गोडावन 02 फ्रूट एंड स्पाइस को डबल गोल्ड मेडल भी प्रदान किया गया, जबकि गोडावन 01 रिच एंड राउंडेड को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार गोडावन की लगातार बेहतर गुणवत्ता और उत्कृष्ट स्वाद की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुष्टि करते हैं।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए डियाजियो इंडिया के चीफ इनोवेशन ऑफिसर विक्रम दामोदरन ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य शुरू से ऐसी भारतीय सिंगल माल्ट तैयार करना था, जो दुनिया की सर्वश्रेष्ठ व्हिस्कियों के साथ मजबूती से प्रतिस्पर्धा कर सके। उन्होंने कहा कि दुनिया के अग्रणी बारटेंडर्स और स्पिरिट्स विशेषज्ञों द्वारा दिए गए ये सम्मान न केवल गोडावन की गुणवत्ता का प्रमाण हैं, बल्कि भारतीय सिंगल माल्ट की वैश्विक पहचान को भी मजबूत करते हैं।
राजस्थान की जलवायु गोडावन व्हिस्की को एक अलग पहचान देती है। अत्यधिक गर्म और शुष्क मौसम में परिपक्व होने के कारण इसमें गहरा और सघन फ्लेवर विकसित होता है। इसके बाद इसे विशेष रूप से तैयार किए गए ऐसे कास्क में रखा जाता है, जिनमें रसना और जटामांसी जैसी भारतीय जड़ी-बूटियों का उपयोग किया जाता है। यही अनूठी प्रक्रिया गोडावन को विशिष्ट भारतीय स्वाद और सुगंध प्रदान करती है, जो इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में अलग पहचान दिलाती है।
वर्ष 2022 में लॉन्च होने के बाद से गोडावन ने भारतीय प्रीमियम सिंगल माल्ट सेगमेंट में तेजी से अपनी जगह बनाई है। अपने उत्कृष्ट स्वाद, आकर्षक डिजाइन और इनोवेशन के दम पर यह ब्रांड मोंडे सेलेक्शन अवॉर्ड्स, वन क्लब पेंसिल एंड मेरिट अवॉर्ड्स 2026, स्पाइक्स एशिया 2026, क्लियो अवॉर्ड्स 2026 समेत कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सम्मान हासिल कर चुका है।
बारटेंडर स्पिरिट्स अवॉर्ड्स 2026 में मिली यह दोहरी सफलता न केवल गोडावन के लिए, बल्कि भारतीय सिंगल माल्ट उद्योग के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे वैश्विक बाजार में भारतीय व्हिस्की की बढ़ती स्वीकार्यता और गुणवत्ता को नई पहचान मिली है।

