'उड़ने की आशा' के सात साल के लीप के लिए कंवर ढिल्लों का नया लुक, बोले: "ढाई साल बाद आखिरकार मैंने अपने बाल कटवाए" - vedantsamachar.in

‘उड़ने की आशा’ के सात साल के लीप के लिए कंवर ढिल्लों का नया लुक, बोले: “ढाई साल बाद आखिरकार मैंने अपने बाल कटवाए”

मुंबई: स्टार प्लस का लोकप्रिय शो ‘उड़ने की आशा’ अब अपनी कहानी में एक भावनात्मक मोड़ लेकर आ रहा है। सचिन और सायली की ज़िंदगी अब सात साल आगे बढ़ चुकी है। समय भले ही आगे निकल गया हो, लेकिन किस्मत ने अब भी उनके लिए कई अनदेखे मोड़ संभालकर रखे हैं। अपने बेटे के ज़िंदा होने और उनसे दूर पल-बढ़ रहे होने से अनजान, सचिन और सायली अपनी बेटी पूर्णा के साथ नई ज़िंदगी शुरू करते हैं। दोनों उस दर्द के साथ जी रहे हैं, जिसे वे अपनी कभी न भरने वाली कमी मान चुके हैं। आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को प्यार, उम्मीद, जुदाई और अप्रत्याशित मिलन से भरा एक भावनात्मक सफर देखने को मिलेगा। इस नए अध्याय के साथ कंवर ढिल्लों भी एक नए अंदाज़ में नज़र आएँगे। अपने किरदार के लिए उन्होंने ढाई साल बाद पहली बार अपने बाल कटवाए हैं।


इस लीप के बारे में बात करते हुए, सचिन का किरदार निभा रहे कंवर ढिल्लों ने कहा, “पिछले ढाई सालों से दर्शकों ने सचिन और सायली के इस सफर को सिर्फ देखा ही नहीं, बल्कि उसे दिल से जीया भी है। वे इन किरदारों से भावनात्मक रूप से जुड़ चुके हैं और अब यह जानने के लिए बेहद उत्साहित हैं कि किस्मत ने उनके लिए आगे क्या लिखा है। हर कोई यह देखने के लिए उत्सुक है कि सचिन और सायली के बच्चे कैसे होंगे, उनकी ज़िंदगी किस दिशा में आगे बढ़ेगी और यह नया अध्याय क्या मोड़ लेकर आएगा। लीप के बाद की कहानी बेहद खूबसूरती से लिखी गई है, जिसमें ढेर सारी भावनाएँ और दिल को छू लेने वाले पल हैं। इस नए चरण के लिए मैंने अपने लुक में भी हल्का बदलाव किया है। दरअसल, ढाई साल बाद मैंने आखिरकार इस किरदार के लिए अपने बाल कटवाए हैं।”

देखिए ‘उड़ने की आशा’ का नया अध्याय, रात 8:30 बजे सिर्फ स्टार प्लस पर और कभी भी जियोहॉटस्टार पर।