Korba Ram Darbar : कलश यात्रा के बाद आयोजित भंडारे में चेन स्नेचिंग, आरोपित पुलिस की पहुँच के बाहर

कोरबा,14 जून। कोरबा शहर में १२ जून सोमवार को भव्य राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की गई। जिसमे कलश यात्रा के बाद आयोजित भंडारे के दौरान चेन स्नेचिंग गिरोह के सदस्य सक्रिय रहे। इस गिरोह के सदस्यों ने डेढ़ दर्जन से अधिक महिलाओं के गले से सोने के हार सहित अन्य जेवर व नगदी रकम को पार कर दिया। मामले की शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने पड़ोसी जिले में रहने वाली एक महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिलपाई है। राम दरबार के इस आयोजन में काफी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। जिसमे चोर गिरोह ने अपना हाथ साफ़ किया है।



कोतवाली अंतर्गत डीडीएम रोड में राम दरबार का निर्माण कराया गया है। सोमवार को राम दरबार में भगवान श्री राम की मूर्ति स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित था। इसके लिए कलश यात्रा के अलावा महाभंडारा भी रखा गया था। शहर के विभिन्न हिस्सों से महिलाएं कलश यात्रा के बाद राम दरबार के समीप भंडारे में चली गई। जहां पहले से ही चेन स्नेचिंग गिरोह के सदस्य सक्रिय थे, जो एक के बाद एक महिलाओं के जेवर पार कर रहे थे।

इस बात का खुलासा तब हुआ, जब रामसागर पारा निवासी गोमती यादव को अपने गले से सोने का हार गायब मिला। उसने आसपास मौजूद महिलाओं से चर्चा शुरू की। इस दौरान एक के बाद एक डेढ़ दर्जन से अधिक महिलाएं सामने आई, जिनके गले से सोने के हार व नगदी रकम पार हो चुका था। यह खबर फैलते ही महिलाओं में अफरा तफरी मची रही। अपनी शिकायत दर्ज कराने कोतवाली में महिलाओं का तांता लग गया।


मामले को गंभीरता से लेते बताया जा रहा है कि मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बीते दिनों विवाह कार्यक्रम आयोजित था। इस कार्यक्रम में जांजगीर चांपा जिले की महिलाएं आई हुई थी। वे सोमवार को कार्यक्रम देखने पहुंची थी, जो कार्यक्रम देखकर नही लौटी। इनमें से ही एक महिला पुलिस के हाथ लगी है। जिससे पूछताछ में पुलिस को कोई अहम् जानकारी नहीं मिली।  




इन महिलाओं से हुई चेन स्नेचिंग



कलश यात्रा के बाद भंडारे के दौरान गोमती यादव, शिव कुमारी, अनिता कश्यप, जगबाई, हेमलता, गायत्री बाई, कृष्णा दुबे, केंवरा बाई, कौशिल्या, गिरजा देवी, श्याम बाई, मोहनी देवी, सुलोचना, कुंती, मंजू यादव के अलावा पांच आवेदन अन्य महिलाओं ने पुलिस को प्राप्त हुआ है। मामले में पुलिस विवेचना कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी रूपक शर्मा ने बताया कि पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई थी। इस बीच एक महिला पुलिस के हाथ लगी, जो जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र से पहुंची थी। पुलिस संदिग्ध महिला से पूछताछ करने पर कोई जानकारी नहीं मिली।