रायगढ़, 16 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आपसी रंजिश और शराब के नशे में हुए विवाद के बाद घरेलू शील पत्थर से युवक के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। मामले के खुलासे में घटनास्थल से मिले गमछे और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात ग्राम भकुर्रा निवासी गोरखनाथ चौहान (65) ने थाना लैलूंगा में सूचना दी कि उनके पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23) का शव घर की परछी में खून से लथपथ पड़ा हुआ है। शव के पास भारी शील पत्थर मिला, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। मृतक शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर परिवार से विवाद करता था। इसी कारण उसकी मां कुछ दिन पहले अपनी बेटी के घर चली गई थी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड की सहायता से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए, जिनमें एक गमछा भी शामिल था।
जांच के दौरान पुलिस डॉग ‘रूबी’ को घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर संदिग्ध लोगों के बीच ले जाया गया। डॉग मास्टर वीरेन्द्र अनंत की मौजूदगी में रूबी ने मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव की ओर स्पष्ट संकेत दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ उर्फ सोनू साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने घर में रखे भारी शील पत्थर से मृतक के सिर और गर्दन पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े भी पुलिस ने बरामद कर लिए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भुवनेश्वर यादव (26 वर्ष), निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है।
हत्या के इस मामले का त्वरित खुलासा करने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी गिरधारी साव, लैलूंगा पुलिस टीम तथा पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सराहना की है। उन्होंने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस गंभीर अपराधों की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हत्या जैसे जघन्य मामलों में त्वरित विवेचना और प्रभावी कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

