प्रवासी पक्षी ओपन बिल स्टार्क कनकी पहुंचने लगे:खरीफ फसल की कीट से करते हैं सुरक्षा

कोरबा ,06 जून । जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर स्थित कनकी में प्रवासी पक्षी एशियन ओपन बिल स्टार्क का आना शुरू हो गया है। ग्रामीण उन्हें मानसून और खुशियों का संदेश लेकर आने वाले देवदूत मानते हैं। कनकी में प्राचीन शिव मंदिर के आसपास पेड़ों को अपना आसरा बनाते हैं। हसदेव नदी किनारे होने से उसके आसपास भी घूमते रहते हैं। अब तक 400 से अधिक पक्षी पहुंच चुके हैं। कनकेश्वर शिव मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम यादव ने बताया कि पक्षी यहां अपनी वंशवृद्धि करते हैं। दिवाली के आसपास जब इनके अंडों से बच्चे हो जाते हैं, तब उन्हें लेकर ये लौट जाते हैं। पक्षी हर साल बैसाख में ही आते हैं। पक्षी आने के बाद अब घोसला बनाने लगे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि ये पक्षी लगभग 100 साल पहले से यहां अपने प्रजनन काल के समय आते हैं। हसदेव नदी के किनारे बसे कनकी इन प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल परिस्थिति देता है। गांव में कई तालाब भी हैं। इनके आने का मतलब होता है कि बारिश कुछ ही दिन में आने वाली है। पक्षी कीटों से फसलों को बचाते भी हैं। इसी तरह करतला ब्लॉक के ही रामपुर में भी पक्षी पहुंचते हैं।