IPS भावना पांडेय ने संभाला धमतरी पुलिस अधीक्षक का पदभार, जनोन्मुखी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता - vedantsamachar.in

IPS भावना पांडेय ने संभाला धमतरी पुलिस अधीक्षक का पदभार, जनोन्मुखी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

धमतरी, 13 जुलाई (वेदांत समाचार)। धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक के रूप में आईपीएस अधिकारी श्रीमती भावना पांडेय ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जिले में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर त्वरित नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा पारदर्शी एवं जनविश्वास आधारित पुलिसिंग को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी भी ली।

पदभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार (आईपीएस) ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपा। उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील मामलों, चल रहे विशेष अभियानों, सामुदायिक पुलिसिंग और विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं, जिससे नई पुलिस अधीक्षक जिले की वर्तमान स्थिति से अवगत हो सकें।

कार्यक्रम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, डीएसपी, निरीक्षक और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नई पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया और उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करने तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग को नई दिशा देने का भरोसा जताया।

पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि धमतरी पुलिस का सबसे बड़ा दायित्व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाना आवश्यक है, ताकि लोगों को पुलिस पर भरोसा बढ़े और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि जनता के व्यवहार और कार्यशैली से बनती है, इसलिए हर शिकायत का संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए।

पदभार संभालने के तुरंत बाद एसपी भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों से लंबित प्रकरणों, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा दैनिक कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा समयबद्ध तरीके से सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नई पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच निरंतर संवाद एवं विश्वास कायम रखना धमतरी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने कहा कि टीमवर्क, ईमानदारी, उत्तरदायित्व और समर्पण ही धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। इसी भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि धमतरी पुलिस का प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और जिले में उत्कृष्ट एवं जनविश्वास आधारित पुलिसिंग की नई मिसाल स्थापित करेगा।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।