कोरबा, 13 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अपराध और गुंडागर्दी पर लगाम कसने के लिए पुलिस का “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पंप हाउस कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (बीएनएस की धारा 109) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अड्डेबाजी, हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद शनिवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद डडसेना, सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा और सीएसईबी सहायता केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस और महिला पुलिस की संयुक्त टीम ने पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और डीडीएम रोड सहित संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान देर रात बिना कारण घूम रहे युवकों से पूछताछ की गई, उनकी पहचान का सत्यापन किया गया और संदिग्ध पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। संकरी गलियों में भी बाइक पेट्रोलिंग कर पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को शिक्षा और अच्छे संस्कार दें तथा उन्हें अपराध और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखें। पुलिस का स्पष्ट संदेश है—“बच्चों को पढ़ाओ-लिखाओ, गुंडा न बनाओ।”

