- 3 फरार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागे, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
सक्ती, 13 जुलाई (वेदांत समाचार)।जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मालखरौदा थाना अंतर्गत चौकी अड़भार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के फड़ पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से करीब ₹5,000 नकद, छह मोटरसाइकिलें (कीमत लगभग ₹3.50 लाख), ताश की गड्डी और अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में धरमपाल सतनामी, अजीत कुमार मिरी, घासीराम चंदा और सोनू कुमार धोबी शामिल हैं। इनके कब्जे से जुए की फड़ राशि और वाहन बरामद किए गए। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां जमानतीय अपराध होने के कारण उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

