बिलासपुर में अंतरराज्यीय डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश, ट्रेलर से डीजल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार - vedantsamachar.in

बिलासपुर में अंतरराज्यीय डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश, ट्रेलर से डीजल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

बिलासपुर, 13 जुलाई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर पुलिस ने ट्रेलर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का 200 लीटर डीजल, दो स्कॉर्पियो वाहन तथा डीजल चोरी में इस्तेमाल होने वाले पाइप और लोहे की छड़ बरामद की गई है। वहीं गिरोह के तीन अन्य सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना कोनी क्षेत्र में की गई। मामले की शुरुआत तब हुई जब 11 जुलाई 2026 को एक ट्रेलर मालिक ने थाना कोनी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने ट्रेलर में करीब 200 लीटर डीजल भरवाकर रायपुर से सिंगरौली (मध्यप्रदेश) के लिए रवाना किया था। रास्ते में चालक नेशनल हाईवे स्थित बाबी ढाबा, गतौरी के पास भोजन करने के लिए वाहन खड़ा कर चला गया। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ट्रेलर की टंकी से लगभग 150 लीटर डीजल चोरी कर लिया।

शिकायत दर्ज होने के बाद थाना कोनी पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान 12 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो स्कॉर्पियो वाहनों में सवार कुछ लोग नेशनल हाईवे स्थित गतौरी के पास चोरी का डीजल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना कोनी पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर गिरोह के तीन सदस्य मौके से फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP-18 ZG-2645 और CG-10 BK-0938 से कुल 200 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया। इसके अलावा डीजल चोरी करने में उपयोग किए जाने वाले पाइप और लोहे की छड़ भी जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवप्रसाद उर्फ छोटू लोनिया (32 वर्ष), निवासी सीलपुर, थाना कोतमा, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) तथा भानु प्रसाद लोनिया (37 वर्ष), निवासी ग्राम बरपाली भदोरिया खार, थाना कोनी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि फरार तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक उमेश उपाध्याय, प्रधान आरक्षक रमेश पटनायक तथा आरक्षक भोपसिंह साहू, राकेश खांडेल और दुर्गेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।