रायगढ़, 13 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम उदउदा में संचालित एक जुआ फड़ पर छापा मारकर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 17,650 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री तथा करीब ढाई लाख रुपये कीमत के आठ दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर ‘काट-पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और जुआ खेल रहे पांच लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश देवनाथ (43 वर्ष), कालीचरण साह (58 वर्ष), मधुसूदन मंडल (45 वर्ष), सुशांत दास (44 वर्ष) तथा ओमप्रकाश यादव (26 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17,650 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, बोरी का फटा टुकड़ा तथा जुआ फड़ के पास खड़े आठ दोपहिया वाहन जब्त किए। जब्त वाहनों में सुपर स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, सीडी डीलक्स, होंडा साइन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं।
धरमजयगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। इसके अलावा सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपियों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत भी पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, एएसआई रामसंजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी तथा आरक्षक मनोज कुमार, विजयानंद राठिया, अनूप जॉनसन केरकेट्टा और बीरबल टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

