कोरबा, 12 जुलाई। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल इतवारी बाजार में हर शाम लगने वाला भीषण यातायात जाम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। स्थिति यह है कि शाम होते ही बाजार की मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और राहगीरों से लेकर दोपहिया, चारपहिया वाहन चालकों तक को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए लोग पहुंचते हैं। सड़क किनारे बेतरतीब वाहन पार्किंग, ठेलों और दुकानों के सामने अतिक्रमण तथा संकरी सड़क के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है। कई बार एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।

हैरानी की बात यह है कि बाजार क्षेत्र में अक्सर यातायात पुलिस और पुलिस बल की तैनाती रहती है, लेकिन इसके बावजूद जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। लोगों का आरोप है कि केवल पुलिस की मौजूदगी से व्यवस्था नहीं सुधर रही, बल्कि प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, अवैध पार्किंग पर सख्ती और अतिक्रमण हटाने जैसी कार्रवाई की जरूरत है।
व्यापारियों और आम नागरिकों का कहना है कि यदि बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित की जाए, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया जाए और पीक आवर्स में यातायात का बेहतर संचालन किया जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
शहरवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि इतवारी बाजार में प्रतिदिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि वर्तमान स्थिति न केवल लोगों का समय बर्बाद कर रही है, बल्कि ईंधन की खपत बढ़ाने और प्रदूषण में भी इजाफा कर रही है। यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

