कोरबा,12 जुलाई (वेदांत समाचार)। बालको नगर थाना क्षेत्र के हवाई पट्टी चौक, रूमगढ़ा स्थित एक ऑटो सेंटर में दुकान के शटर पर पेशाब करने का विरोध करना दुकान संचालक और उसकी पत्नी को महंगा पड़ गया। विरोध से नाराज दो आरोपियों ने कथित तौर पर दंपती के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हवाई पट्टी चौक निवासी कन्हैया लाल बघेल (42) कृष्णा ऑटो सेंटर का संचालन करते हैं। उन्होंने बालको नगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 10 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी अंजू बघेल के साथ दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान अजय यादव अपने साढ़ू के साथ कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि अजय यादव ने दुकान के शटर पर पेशाब करना शुरू कर दिया।
कन्हैया लाल द्वारा इसका विरोध किए जाने पर आरोपी कथित तौर पर भड़क गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद करने लगा। शोर-शराबा सुनकर उसके साथ आया साढ़ू भी मौके पर पहुंच गया। शिकायत के अनुसार, दोनों ने मिलकर कन्हैया लाल और उनकी पत्नी के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए खुलेआम दादागीरी दिखाई। घटना के बाद दंपती ने स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हुए पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
बालको नगर पुलिस ने कन्हैया लाल बघेल की रिपोर्ट पर आरोपी अजय यादव तथा उसके साढ़ू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

