SECL IPO Due Diligence Portal लॉन्च: आईपीओ की तैयारियों को मिलेगी रफ्तार, दस्तावेजों का डिजिटल प्रबंधन होगा आसान - vedantsamachar.in

SECL IPO Due Diligence Portal लॉन्च: आईपीओ की तैयारियों को मिलेगी रफ्तार, दस्तावेजों का डिजिटल प्रबंधन होगा आसान

बिलासपुर, 10 जुलाई (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने अपनी प्रस्तावित आईपीओ (Initial Public Offering) प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने “SECL IPO Due Diligence Portal” का शुभारंभ किया। यह डिजिटल पोर्टल आईपीओ से जुड़ी तैयारियों को गति देने के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजों और सूचनाओं के प्रभावी प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएगा।

पोर्टल के शुभारंभ अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (कार्मिक) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

एसईसीएल द्वारा विकसित यह पोर्टल आईपीओ से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाओं और दस्तावेजों के संकलन, प्रबंधन, समन्वय और निगरानी के लिए एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों से जरूरी जानकारी और दस्तावेज समय पर एकत्रित किए जा सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी।

पोर्टल की मदद से दस्तावेजों को Physical Data Room और Virtual Data Room में समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे आईपीओ प्रक्रिया में शामिल Book Running Lead Managers (BRLMs) और Domestic Legal Counsel को दस्तावेजों की समीक्षा के लिए आवश्यक जानकारी शीघ्र उपलब्ध होगी। इससे ड्यू डिलिजेंस प्रक्रिया तेज, सटीक और अधिक प्रभावी बनने की उम्मीद है।

एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार यह पोर्टल कंपनी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी में संचालित होगा। इसके जरिए आईपीओ से जुड़े दस्तावेजों के बेहतर समन्वय, प्रभावी मॉनिटरिंग और समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित किया जाएगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभागों के बीच समन्वय भी पहले की तुलना में अधिक मजबूत होगा।

गौरतलब है कि एसईसीएल देश की अग्रणी कोयला उत्पादक कंपनियों में शामिल है और कंपनी अपने प्रस्तावित आईपीओ की तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रही है। ऐसे में “SECL IPO Due Diligence Portal” का शुभारंभ आईपीओ प्रक्रिया को आधुनिक, पारदर्शी और दक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।