CG NEWS : ऑपरेशन क्लीन के तहत आबकारी की बड़ी कार्रवाई नशीले इंजेक्शन का सप्लायर गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

CG NEWS : ऑपरेशन क्लीन के तहत आबकारी की बड़ी कार्रवाई नशीले इंजेक्शन का सप्लायर गिरफ्तार…

अंबिकापुर, 09 जुलाई (वेदांत समाचार)। सरगुजा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। आबकारी उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करने वाले आरोपी नितीश गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री और सप्लाई की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 39 REXOGESIC और 39 AVIL इंजेक्शन, कुल 78 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में इस अवैध नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी सौरभ गुप्ता का नाम भी सामने आया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान वह फरार हो गया। आबकारी विभाग की टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। आबकारी अधिकारियों ने बताया कि जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से “ऑपरेशन क्लीन” लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।