कोरबा में निर्माणाधीन सड़कों का कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किया निरीक्षण, हर 15 दिन में मरम्मत और तय समय में काम पूरा करने के दिए निर्देश - vedantsamachar.in

कोरबा में निर्माणाधीन सड़कों का कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किया निरीक्षण, हर 15 दिन में मरम्मत और तय समय में काम पूरा करने के दिए निर्देश

कोरबा, 8 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और बारिश के कारण प्रभावित हिस्सों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर स्वयं सड़क पर उतरकर निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन करते रहे। उन्होंने हाल की बारिश से क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने तक आम जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क की नियमित निगरानी की जाए और हर 15 दिन में आवश्यक मरम्मत कर आवागमन को सुचारु रखा जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित मरम्मत कार्य और आवागमन प्रभावित न हो इसके लिए बनाए जाने वाले वैकल्पिक रपटा एवं डायवर्जन मार्ग का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैकल्पिक मार्ग के निर्माण के लिए शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद कार्य जल्द शुरू किया जा सके।

जिला प्रशासन के अनुसार ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक कुल 5.74 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सीसी रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है और निर्माण कार्य तेजी से जारी है। वहीं ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल की मरम्मत के लिए भी कार्यादेश जारी किया जा चुका है तथा जल्द ही मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, एसडीओ द्विवेदी सहित नगर निगम एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी उपस्थित रहे।