अंबिकापुर,07 जुलाई (वेदांत समाचार)। अंबिकापुर के दरिमा थाना क्षेत्र में एक खंडहरनुमा मकान से 53 वर्षीय लापता व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजकुमार सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले 15 से 20 दिनों से लापता था। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, दरिमा थाना क्षेत्र के एक बंद पड़े खंडहरनुमा मकान से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
अंदर जाकर देखा तो एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जो पूरी तरह सड़-गल चुका था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची दरिमा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 53 वर्षीय राजकुमार सिंह के रूप में हुई, जो पिछले 15 से 20 दिनों से लापता था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

