जांजगीर चांपा,07 जुलाई (वेदांत समाचार)। अकलतरा नगर स्थित राजेंद्र कुमार सिंह हाई स्कूल में चौकीदार के रूप में कार्यरत श्याम कुमार (निवासी कटघरी) का शव सोमवार सुबह स्कूल परिसर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल पहुंचे सफाई कर्मचारी ने घटना देखकर तत्काल स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हर पहलू से जांच कर रही है तथा परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी सुसाइड नोट की पुष्टि नहीं हुई है। घटना से स्कूल परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकता है।

