CG BREAKING: अवैध पत्थर खदान में बड़ा हादसा: बोल्डर और मलबा गिरने से 2 युवकों की दर्दनाक मौत, जांच शुरू - vedantsamachar.in

CG BREAKING: अवैध पत्थर खदान में बड़ा हादसा: बोल्डर और मलबा गिरने से 2 युवकों की दर्दनाक मौत, जांच शुरू

सूरजपुर, 05 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जिले के ग्राम लांची में अवैध रूप से संचालित पत्थर खदान में काम के दौरान अचानक बड़ा बोल्डर और मिट्टी का मलबा गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू के बाद दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम लांची निवासी बाबूलाल गोंड़ (18 वर्ष), पिता धनेश्वर गोंड़ तथा जयपाल गोंड़ (18 वर्ष), पिता जय सिंह गोंड़ मजदूरी का काम करते थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों युवक गांव में संचालित अवैध पत्थर खदान से पत्थर निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक खदान का एक हिस्सा धंस गया और बड़ा बोल्डर तथा मिट्टी का भारी मलबा दोनों के ऊपर आ गिरा। मलबे में दबने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने दोनों युवकों को खदान के अंदर जाते देखा था और उन्हें अंदर जाने से मना भी किया था। युवकों ने कहा था कि वे जल्द ही बाहर आ जाएंगे, लेकिन कुछ ही देर बाद जोरदार आवाज सुनाई दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों युवक बोल्डर और मिट्टी के नीचे दबे हुए हैं। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बोल्डर और मलबा हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस पत्थर खदान में यह हादसा हुआ, वह अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खदान का संचालन किसके द्वारा किया जा रहा था और इसके पीछे किसकी जिम्मेदारी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय ने बताया कि खदान में खनन कार्य किसके द्वारा कराया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।