दीपका में सिटी बस सेवा की मांग तेज, वरिष्ठ पार्षद अरुणीश तिवारी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन - vedantsamachar.in

दीपका में सिटी बस सेवा की मांग तेज, वरिष्ठ पार्षद अरुणीश तिवारी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

दीपका से कोरबा, कटघोरा, बलौदा और पाली तक बस संचालन शुरू करने की मांग,मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री और मुख्य सचिव को भी भेजी ज्ञापन की प्रतिलिपि

राजू तिवारी,दीपका, 5 जुलाई। कोयलांचल क्षेत्र दीपका एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की कमी को लेकर नगर पालिका परिषद दीपका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ‘दादा भाई’ ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दीपका से कोरबा, कटघोरा, बलौदा और पाली के लिए नियमित सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि दीपका एक प्रमुख औद्योगिक एवं घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के बावजूद यहां सार्वजनिक परिवहन की समुचित व्यवस्था नहीं है। जिला मुख्यालय सहित आसपास के प्रमुख नगरों तक आने-जाने के लिए लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ता है और समय की भी परेशानी होती है।

पार्षद अरुणीश तिवारी ने बताया कि परिवहन सुविधा के अभाव का सबसे अधिक असर छात्र-छात्राओं, श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों पर पड़ रहा है। नियमित एवं किफायती बस सेवा शुरू होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र की आवाजाही व्यवस्था भी बेहतर होगी।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि जनहित को देखते हुए दीपका-कोरबा, दीपका-कटघोरा, दीपका-बलौदा तथा दीपका-पाली मार्गों पर शीघ्र सिटी बस सेवा प्रारंभ की जाए। उनका कहना है कि इन मार्गों पर बस संचालन शुरू होने से दीपका के साथ-साथ आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

इस मांग पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री तथा छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव को भी प्रेषित की गई है। क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासन से इस लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।