कोरबा, 05 जुलाई (वेदांत समाचार)। सहकारी सप्ताह अंतर्गत रविवार को आदिवासी सेवा सहकारी समिति (कृषि उपज मंडी, भैसमा) सहकारी सप्ताह एवं कृषक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थिति दर्ज कराई। भारत सरकार सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में दिनांक 29 जून 2026 से 06 जुलाई 2026 तक सहकारी सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को यह जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वप्रथम कर्मा नृत्य के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। इसके बाद सहकारी गीत के साथ उन्होंने ने परिसर में सहकारी ध्वज फहराया। समिति की ओर से मुख्य अतिथि को 80 किलोग्राम आम से तौला गया।
इसके उपरांत दीप प्रज्वलन और राजकीय गीत के साथ मंचीय कार्यक्रम शुरू हुआ। इसके बाद जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के सीईओ प्रभात मिश्रा ने मुख्य अतिथि अध्यक्ष रजनीश सिंह का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया।
छत्तीसगढ़ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी संघ बिलासपुर के अध्यक्ष भागवत यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य अतिथि का महामाला से स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन सीईओ प्रभात मिश्रा ने प्रदान करते हुए कहा कि जल्द ही सहकारी बैंक भी इन्टरनेट बैंकिंग की सुविधा से से लैस होगा।
सहकारी आंदोलन से सबको जोड़ना है, ताकि अंतिम वर्ग को खुशहाली से जोड़ा जा सके: अध्यक्ष रजनीश सिंह
माँ मड़वारानी एवं माँ सर्वमंगला के जयकारे से उद्बोधन प्रारंभ करते हुए मुख्य अतिथि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि एक छोटे से कॉपरेटिव समूह से शुरू होकर आज अमूल वैश्विक ब्रांड बन चुका है। प्रत्येक गांव में कम से कम एक समिति अवश्य हो, जो क्षेत्र के किसान बंधुओं और अंतिम वर्ग के हर व्यक्ति को स्वावलंबन, आर्थिक आत्मनिर्भरता और खुशहाली से जोड़ा जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन पर हम सभी ने सहकारी आंदोलन से सबको जोड़ने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार में प्रदेश के किसान बंधुओं और हर व्यक्ति को विकास की राह पर जोड़ने द्रुत गति से कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों ने परिसर में पौधरोपण किया।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन जिला सहकारी बैंक कोरबा क्षेत्र के नोडल अधिकारी सुशील कुमार जोशी ने किया।
इस अवसर पर मंच पर विराजमान रहे अतिथियों में मुख्य रूप से कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पूर्व गृह मंत्री एवं रामपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक ननकीराम कवर, जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक बीडी शर्मा, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, रेणुका राठिया, सुमित्रा सिदार, सुष्मिता अनंत, राजेन्द्र पाण्डेय, कमलेश आनन्द, राम मनोहर सोनी, अशोका विश्राम कवर, महामंत्री अजय विश्वकर्मा, किशन साव, किशन अग्रवाल, राहुल शुक्ला, प्रीति स्वर्णकार, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कोरबा क्षेत्र के नोडल अधिकारी सुशील जोशी, बिलासपुर के नोडल अधिकारी आशीष दुबे, जमाल खान, कोरबा शाखा की शाखा प्रबंधक श्रीमती सरिता पाठक, दीपका प्रबंधक अजय साहू, पौड़ी प्रबंधक रोहित राठौर, एनटीपीसी की शाखा प्रबंधक श्रीमती नेहा पाण्डेय, समिति प्रबंधक कोरबा शाखा के समिति प्रबंधक चंद्रेश कश्यप, तुलेश्वर कौशिक, दुलीचंद धीवर, प्यारेलाल साहू समेत समितियों के कर्मचारी, किसान बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

