जांजगीर-चांपा पुलिस की अनूठी पहल, NH पर ट्रक-ट्रेलरों में लगाई गई रेडियम पट्टियां, सड़क हादसे रोकने पर जोर - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा पुलिस की अनूठी पहल, NH पर ट्रक-ट्रेलरों में लगाई गई रेडियम पट्टियां, सड़क हादसे रोकने पर जोर

जांजगीर-चांपा, 5 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक अनूठी पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर ट्रक और ट्रेलरों में रेडियम (रिफ्लेक्टिव) पट्टियां लगाई गईं, ताकि रात और खराब मौसम में भारी वाहन दूर से आसानी से दिखाई दें।

शनिवार देर शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में अकलतरा, चांपा और सारागांव क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक और ट्रेलरों में रेडियम पट्टियां लगाई गईं। अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति भी जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेडियम पट्टियां विशेष रूप से रात के समय, घने कोहरे, बारिश और कम रोशनी की स्थिति में भारी वाहनों को दूर से स्पष्ट रूप से दिखाई देने में मदद करती हैं। इससे पीछे से आने वाले वाहन चालक समय रहते ट्रक या ट्रेलर की दूरी, स्थिति और आकार का सही अनुमान लगा सकते हैं, जिससे टक्कर और अन्य सड़क दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।

जांजगीर-चांपा पुलिस का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि वाहन चालकों और आम नागरिकों की भी साझा जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ जिले में समय-समय पर जनजागरूकता अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता, यातायात नियमों के पालन तथा दुर्घटना रोकथाम से जुड़े कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं।

पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, रिफ्लेक्टिव रेडियम पट्टियों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। यह अभियान भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा।