रायपुर पिंक पेट्रोल की सतर्कता से 2 वर्षीय मासूम परिवार से मिला, रोते हुए मिला था कर्मा चौक पर अकेला बच्चा - vedantsamachar.in

रायपुर पिंक पेट्रोल की सतर्कता से 2 वर्षीय मासूम परिवार से मिला, रोते हुए मिला था कर्मा चौक पर अकेला बच्चा

रायपुर, 5 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट की सतर्कता और संवेदनशीलता के चलते भटके हुए दो वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने रायपुर पुलिस और पिंक पेट्रोल यूनिट का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए संचालित पिंक पेट्रोल यूनिट 4 जुलाई की शाम उत्तर जोन के थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान कर्मा चौक के पास पुलिस टीम को लगभग दो वर्षीय एक मासूम बच्चा अकेला रोता हुआ दिखाई दिया। बच्चा काफी छोटा होने के कारण अपना नाम, पता या माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पिंक पेट्रोल टीम ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने क्षेत्र में लगातार तलाश और जानकारी जुटाने का प्रयास किया, जिसके बाद बच्चे के चाचा रोहन ध्रुव का पता चला। उन्हें तत्काल मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने बच्चे की पहचान की।

इसके बाद पुलिस ने बच्चे के माता-पिता पूजा ध्रुव और हीराधार ध्रुव को सूचना देकर बुलाया। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मासूम को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट तथा पिंक पेट्रोल यूनिट के प्रति आभार व्यक्त किया।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि पिंक पेट्रोल यूनिट महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सहायता और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए लगातार शहरभर में सक्रिय है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर बिना संकोच पिंक पेट्रोल यूनिट या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता से समय रहते बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है।