जांजगीर-चांपा में धान बीज की गुणवत्ता जांच पूरी, स्वर्ण सब-1 बीज मानक स्तर का मिला - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में धान बीज की गुणवत्ता जांच पूरी, स्वर्ण सब-1 बीज मानक स्तर का मिला

जांजगीर-चांपा, 05 जुलाई (वेदांत समाचार)। धान बीज की गुणवत्ता को लेकर समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर के बाद कृषि विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय जांच दल का गठन किया। जांच दल ने कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के साथ संबंधित किसान के खेत और धान बीज का मौके पर निरीक्षण किया। जांच में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा वितरित स्वर्ण सब-1 धान बीज निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया।

बीज प्रबंधक श्रीमती नम्रता तिवारी ने बताया कि संबंधित किसान को वितरित स्वर्ण सब-1 धान बीज का वितरण सभी आवश्यक गुणवत्ता परीक्षण और बीज प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया गया था। निरीक्षण के दौरान जांच दल ने किसान की मौजूदगी में दूसरी सीलबंद बीज बोरी खोलकर उसका परीक्षण किया, जिसमें बीज पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण और मानक स्तर का पाया गया।

जांच के दौरान पहली बोरी में शेष बचे बीज का भी भौतिक परीक्षण किया गया। परीक्षण में करगा (क्षतिग्रस्त दानों) की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। इसके साथ ही जांच दल ने किसान को बीज परीक्षण रिपोर्ट और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई।

निरीक्षण के बाद किसान ने बीज की गुणवत्ता और बोरी के वजन पर संतोष व्यक्त किया। किसान ने कहा कि भविष्य में भी उन्हें इसी प्रकार प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण धान बीज उपलब्ध कराया जाए

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए सभी गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।