कोरबा, 05 जुलाई (वेदांत समाचार)। शहर के टीपी नगर चौक से एसईसीएल कॉलोनी जाने वाले मुख्य मार्ग पर जायसवाल पेट्रोल पंप के पास लंबे समय से सड़क किनारे खड़े दो लोडर वाहन यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। व्यस्त मार्ग पर इन वाहनों के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, यह मार्ग शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है, जहां दिनभर दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क पर लंबे समय से खड़े लोडर वाहनों के कारण मार्ग संकरा हो गया है। ऐसे में जब बड़े वाहन गुजरते हैं तो दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और आवागमन प्रभावित हो जाता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार जाम के दौरान एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी निकलने में कठिनाई होती है। सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं बचने से दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग या ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों ने मांग की है कि ट्रैफिक पुलिस सड़क पर खड़े इन लोडर वाहनों को तत्काल हटवाए। यदि वाहन खराब हैं तो उनके मालिकों को निर्देश देकर दूसरी जगह खड़ा कराया जाए, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से टीपी नगर-एसईसीएल मार्ग पर सुचारु और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

