कोरबा, 03 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में भाजपा किसान मोर्चा के एक पदाधिकारी पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। भाजपा किसान मोर्चा मंडल कोरबा के मंत्री एवं भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज पर बुधवार देर रात कुछ लोगों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद उन्हें डायल-112 की सहायता से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कपिलेश्वर धीरज पोल्ट्री फार्म व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के समीप उनकी एक दुकान भी संचालित है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात दुकान बंद कर वह अपनी कार से घर भुलसीडीह लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले अरुण खांडे, संदीप कुमार तथा उनके कुछ साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले उनकी कार में तोड़फोड़ की और फिर उनके साथ जमकर मारपीट की।
घायल कपिलेश्वर धीरज का आरोप है कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में बाहरी मजदूर कार्यरत हैं, जहां कथित रूप से गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं आपूर्ति की जा रही है। उनका कहना है कि उन्होंने कुछ लोगों को नशे के कारोबार से दूर रहने और इस तरह की गतिविधियां बंद करने की समझाइश दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाया और सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया।
कपिलेश्वर धीरज ने बताया कि आरोपियों ने उनके साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की कि वह मौके पर ही बेहोश हो गए। उनका आरोप है कि हमलावर उन्हें मृत समझकर घटनास्थल से फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी अरुण खांडे एक कांग्रेस नेता का पुत्र है, जबकि संदीप कुमार पुलिस चौकी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत है। उनका कहना है कि दोनों आरोपी अपने प्रभाव और पद का रौब दिखाते हुए उन्हें लगातार धमका रहे थे।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नाराजगी देखी जा रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि हाल के दिनों में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाएं बढ़ी हैं। उनका दावा है कि कुछ दिन पहले भी एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट की घटना हुई थी। पार्टी ने इस मामले में सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

