कोरबा में बड़ी कार्रवाई: नशे में बस चला रहा था चालक, डिक्की से बरामद हुईं 11 बकरियां... - vedantsamachar.in

कोरबा में बड़ी कार्रवाई: नशे में बस चला रहा था चालक, डिक्की से बरामद हुईं 11 बकरियां…

कोरबा,02 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के पसान थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस की नियमित वाहन जांच के दौरान एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यात्रियों से भरी एक निजी बस का चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान बस की डिक्की से 11 बकरियां भी बरामद हुईं, जिन्हें कथित रूप से अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर रखा गया था।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे पसान पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक यात्री बस को रोककर जांच की गई। पूछताछ और परीक्षण में चालक शराब के नशे में मिला। इससे बस में सवार यात्रियों की सुरक्षा गंभीर रूप से खतरे में पड़ गई थी।

चालक की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान डिक्की से 11 बकरियां बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में इनके परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस ने बकरियों को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी।

पसान पुलिस ने तत्काल बस को जब्त कर लिया है तथा चालक के विरुद्ध शराब के नशे में वाहन चलाने और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। मामले में अवैध पशु परिवहन के पहलू की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।