CG NEWS : कमजोर मानसून को लेकर सीएम साय ने किसानों को दिया भरोसा, बोले- सरकार हर कदम पर साथ, बारिश के अनुरूप करें खेती की योजना... - vedantsamachar.in

CG NEWS : कमजोर मानसून को लेकर सीएम साय ने किसानों को दिया भरोसा, बोले- सरकार हर कदम पर साथ, बारिश के अनुरूप करें खेती की योजना…

रायपुर,02 जुलाई (वेदांत समाचार)। प्रदेश में कमजोर मानसून की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए बारिश की स्थिति के अनुरूप खेती-किसानी की योजना बनाएं।

जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मौसम विभाग पहले ही संकेत दे चुका है कि इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है। ऐसे में सरकार लगातार किसानों को जागरूक कर रही है कि वे उपलब्ध वर्षा के अनुसार फसल और खेती की रणनीति तैयार करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आवश्यकतानुसार हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

सक्ति दौरे के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि वहां भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मंत्रालय में बुधवार को हुई समीक्षा बैठक का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में पांच प्रमुख मिशनों को शामिल किया है, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और इसके प्रभावी तथा व्यापक उपयोग को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।

चरण पादुका योजना के लिए जारी टेंडर पर उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई रोक के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया था, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे पुनः शुरू किया है और आगे भी प्रत्येक वर्ष इसका लाभ पात्र हितग्राहियों को देने के लिए प्रतिबद्ध है।

4 और 5 जुलाई को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में आयोजित होने वाले चिंतन शिविर के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शिविर लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। इसमें सुशासन, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकार के कामकाज की समीक्षा पर विस्तार से चर्चा होगी, जिससे शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।