होलिका दहन में जलाया धर्म विशेष का पोस्टर, 7 गिरफ्तार…

रायपुर,10 मार्च  रायपुर में असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है। हाल ही में होलिका दहन के दौरान धर्म विशेष से जुड़ा पोस्टर जलाने का मामला सामने आया। इस मामले के प्रकाश में आने के बाद लोगों ने इसका जमकर विरोध किया। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और करीब 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की गई। इसके बाद अक्रोशित लोगों की भीड़ शांत हुई। यह मामला रामनगर चौकी क्षेत्र का है।

दरअसल रायपुर के रामनगर में होलिका दहन के दिन असामाजिक तत्वों ने रात को होलिका जलाने के दौरान धर्म विशेष से जुड़ा पोस्टर फाड़कर उसे होलिका में डाल दिया। इसकी जानकारी मिलते ही इलाके के लोगों में गुस्सा देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इलाके में तनाव की स्थिति ना हो, इसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर उन्हें वापस घर भेजा।

रायपुर पश्चिम एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने बताया, यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके का है। इस मामले में एफआई आर दर्ज कर 2 आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत 5 बालकों, कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए गुढ़ियारी थाना पुलिस ने बताया कि थाना गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत कृष्णानगर पास लगे धार्मिक फ्लैक्स को कुछ अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा फाड़कर होलिका में डालकर जला दिया गया था। पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन किया गया। फुटेजों के अवलोकन में पाया गया कि 8-9 मार्च की दरम्यानी रात्रि कुछ अज्ञात लड़के अंधेरे का फायदा उठाकर लगे धार्मिक फ्लैक्स को फाड़कर जल रही होलिका में डालकर जला दिये। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा फुटेज में दिख रहे लड़को को चिन्हांकित कर उनकी पतासाजी करते हुए घटना में संलिप्त 2 आरोपी एवं विधि के साथ संघर्षरत 5 बालक कुल 7 को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध थाना गुढ़ियारी में धारा 295(क), 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार
शाहिद खान पिता इदरीश खान उम्र 19 साल निवासी मस्जिद के पीछे रामनगर गुढ़ियारी रायपुर।
मोह. समीर पिता मोह. शब्बीर उम्र 18 साल निवासी बड़ा रामनगर गुढ़ियारी रायपुर।
विधि के साथ संघर्षरत 5 बालक।