मुंबई। निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की कालजयी फिल्म लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया ने अपनी रिलीज के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वर्ष 2001 में रिलीज हुई यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार और सफल फिल्मों में गिनी जाती है। क्रिकेट, देशभक्ति और मानवीय जज्बे के अनूठे संगम ने इसे दुनियाभर के दर्शकों के बीच एक विशेष पहचान दिलाई।
25वीं वर्षगांठ के अवसर पर Aamir Khan Productions ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में फिल्म के प्रतिष्ठित किरदार भुवन और गौरी के बीच का एक लोकप्रिय दृश्य दिखाया गया है, जिसे 25 साल बाद आमिर खान और ग्रेसी सिंह ने एक बार फिर उसी अंदाज में रिक्रिएट किया है। इस भावुक वीडियो ने प्रशंसकों को फिल्म की सुनहरी यादों में वापस पहुंचा दिया।
वीडियो के साथ पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है, “वापस वहीं, जहाँ से यादों की शुरुआत हुई थी। “
आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन और आमिर खान के निर्माण में बनी ‘लगान’ केवल एक स्पोर्ट्स ड्रामा नहीं, बल्कि एकता, उम्मीद और असंभव को संभव बनाने की प्रेरणादायक कहानी है। फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी पहचान बनाई और 74वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी के लिए नामांकित होने वाली भारत की तीसरी फिल्म बनी।
फिल्म में आमिर खान, ग्रेसी सिंह, रेचल शेली, पॉल ब्लैकथॉर्न, रघुबीर यादव और कुलभूषण खरबंदा सहित कई कलाकारों ने शानदार अभिनय किया। वहीं, ए. आर. रहमान का संगीत आज भी श्रोताओं के बीच उतना ही लोकप्रिय है।
पच्चीस साल बाद भी ‘लगान’ भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक मील का पत्थर बनी हुई है। हाल ही में सचिन तेंदुलकर द्वारा दी गई श्रद्धांजलि भी इस बात का प्रमाण है कि क्रिकेट और सशक्त कहानी के अद्भुत मेल ने इस फिल्म को एक ऐसी विरासत दी है, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।

