कोडरमा,22 फ़रवरी 2025/ 15 साल की नाबालिग ने आत्महत्या कर ली। घटना तिलैया थाना क्षेत्र के नरेश नगर की है। मृतका की पहचान 15 वर्षीय शिवानी कुमारी के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम राजकुमार सिंह है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका के माता-पिता कल शाम ही कुम्भ नहाने के लिए गए हुए थे। वह घर में अपने भाई और बड़ी चाची के साथ थी।
चाची ने कहा- मुझे घर के बाहर बैठा, कर ली आत्महत्या
मृतका की चाची के मुताबिक आज सुबह उसका भाई 10 वीं की परीक्षा देने गया था। इसी बीच शिवानी बर्तन मांज रही थी। मैं उसके घर पहुंची तो उसने मुझसे बाहर बैठने को कहा। इसके बाद वह घर के भीतर चली गई। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आई तो अंदर जाकर उसके कमरे में देखा। वह अपने दुपट्टे के सहारे पंखे से झूल रही थी।
जिसके पश्चात उन्होंने आस पड़ोस के लोगों को आवाज दी। जिसके बाद पड़ोस के लोग वहां पहुंचे और उसे फंदे से नीचे उतारकर स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर इस घटना की सूचना कुम्भ नहाने गए उसके माता-पिता को दी गई। जानकारी के अनुसार माता-पिता बीच रास्ते से ही वापस लौट रहे हैं।
पुलिस ने देर रात पहुंचाया था घर
मृतका को तिलैया पुलिस के पैंथर जवानों ने अहले सुबह करीब 3 बजे उसे घर पहुंचाया था। इस मामले में जब जवान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सुबह करीब 2.30 बजे जब वे गस्ती कर रहे थे, तो थाना क्षेत्र के सुभाष चौक पर उन्होंने शिवानी को किसी लड़के के साथ घूमते हुए पाया।
जब दोनों से पूछताछ की गई तो मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया। जिसके बाद लड़के के पेरेंट्स को बुलाकर उसे उसके हवाले कर दिया गया। अब चूंकि शिवानी के पिता और माता कुम्भ स्नान के लिए गए हुए थे, तो उसने शिवानी को एक ई-रिक्शा के द्वारा उसके घर पहुंचाकर उसकी चाची को सौंपते हुए सारी बातें बता दी थी।