रायगढ़, 29 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शनिवार की शाम खेत जोताई करके घर लौटते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जमरगीडी में शनिवार की शाम खेत जोतकर घर लौटते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में पलट गई।
इस घटना में ट्रैक्टर में बैठे घसियाराम राठिया की वाहन के नीचे दबने से मौत हो गई हैं वहीं चालक गुलाब राठिया गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को उपचार के लिये धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। बहरहाल घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची धरमजयगढ़ पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

