कोरबा। जेसीआई कोरबा सेंट्रल के तत्वावधान में रविवार को कोरबा ईस्ट स्थित सीनियर क्लब में मेगा शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिले की सबसे बड़ी शतरंज प्रतियोगिताओं में शामिल इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों के 170 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डीएसपीएम के मुख्य अभियंता संजीव कंसल थे। विशिष्ट अतिथि जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष राणा विश्वकर्मा तथा विशेष अतिथि इंजीनियर योगेश गोयल उपस्थित रहे।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि घनश्याम अग्रवाल तथा विशेष अतिथि सीए आशीष अग्रवाल मौजूद रहे। मंत्री देवांगन ने शतरंज को बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं में तार्किक क्षमता, अनुशासन एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं को आकर्षक ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं सभी प्रतिभागियों को मेडल और सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणामों में अंडर-7 बालक वर्ग में सनय लोधी, अंडर-9 में अक्षय सोनी, अंडर-11 में सक्षम नेताम, अंडर-13 में अद्विक साहू, अंडर-15 में बद्री प्रसाद, अंडर-17 में ऋषित सिंह तथा ओपन पुरुष वर्ग में शुभम कुमार साहू ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में अंडर-7 में रुप्सा नायक, अंडर-9 में श्रेष्ठा साहू, अंडर-11 में शनाया कोशले, अंडर-13 में सिद्धि सराफ, अंडर-15 में वैष्णवी नेताम, अंडर-17 में सृष्टि अरुण सिंह तथा ओपन महिला वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान पावर हाउस रोड स्थित इंदर साइकिल की ओर से प्रायोजित लकी ड्रॉ साइकिल आरव साहू ने जीती। इसके अलावा लक्ष्मी स्टोर्स ने स्टेशनरी सामग्री, डेकोन डेटा सर्विसेज ने कंप्यूटर सामग्री तथा अभिषेक अग्रवाल लोन कंसल्टेंट ने आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिता का संचालन आर्बिटर रितेश यादव के निर्देशन में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में प्रोजेक्ट डायरेक्टर अंश अग्रवाल, को-प्रोजेक्ट डायरेक्टर राहुल सिंघल, जेसीआई कोरबा सेंट्रल के अध्यक्ष सीए त्रिलोकी नाथ बजाज, सचिव निश्चल टमकोरिया सहित संगठन के पदाधिकारियों, पूर्व अध्यक्षों एवं सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

