तकनीकी वस्त्र उद्योग के विकास से जुड़ा हुआ है वस्त्र क्षेत्र का भविष्य : दर्शना जरदोश

नई दिल्ली,23 फरवरी  तकनीकी वस्त्रों के बारे में 10वीं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन, टेक्नोटेक्स 2023: भारतीय तकनीकी वस्त्रों की परिकल्पना @2047′, का उद्घाटन मुंबई के गोरेगांव में बम्बई प्रदर्शनी केंद्र में केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने किया। टेक्नोटेक्स, केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय और भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) द्वारा आयोजित, एक प्रमुख कार्यक्रम है जिसमें क्रेता-विक्रेता बैठकें, एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन शामिल हैं। 22 से 24 फरवरी के दौरान आयोजित होने वाला तीन दिवसीय कार्यक्रम वैश्विक तकनीकी वस्त्र मूल्य श्रृंखला के हितधारकों के बीच बातचीत के लिए एक साझा मंच प्रदान करेगा।

यह भी पढ़े :-डिजिटल लाइब्रेरी के लिए EAPO और CSIR के बीच हुआ MOU

केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने इस अवसर पर ‘भारत में तकनीकी वस्त्र इकोसिस्टम : बाजार अवलोकन, निहित संबंध और विकास के अवसर’ शीर्षक से तकनीकी वस्त्रों पर एक ई-पुस्तक भी लॉन्च की। केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि वस्त्र क्षेत्र का भविष्य तकनीकी वस्त्र उद्योग के विकास के साथ निकटता से जुड़ा हुआ है। मंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे वैश्विक तकनीकी वस्त्र उद्योग का विकास जारी है, भारत इसके विस्तार से लाभान्वित होने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि घरेलू खपत और निर्यात दोनों के अगले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ने की आशा है, जिससे यह उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण समय है।