कोरबा,27 जून (वेदांत समाचार)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत हाई स्कूल तानाखार में विकासखंड स्तरीय प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विद्यालय में आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और विद्यालय से जोड़ना था। इस अवसर पर बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और स्कूल ड्रेस वितरित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर. दयाल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती प्रीति खैरवार एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक सुनील खैरवार के मार्गदर्शन में किया गया। विकासखंड के सभी संकुल शैक्षिक समन्वयकों, संकुल केंद्र तानाखार के सीएसी नवीन खोब्रागड़े तथा क्षेत्र के शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम शामिल हुए। उनके साथ शिक्षा समिति के अध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, अनुविभागीय दंडाधिकारी एम.के. बंजारे, जनपद सदस्य, तानाखार पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों का सर्वांगीण विकास शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा प्रवेश उत्सव जैसे आयोजन बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन और उत्साह का वातावरण तैयार करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को तिलक लगाकर स्वागत किया गया, मिठाई खिलाई गई और उन्हें निःशुल्क पुस्तकें एवं स्कूल ड्रेस प्रदान की गई। मंच संचालन ओमप्रकाश तेलाशी (सीएसी) ने किया। सभी शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और पालकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

