कोरबा,26 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन, रायपुर ने वरिष्ठ पत्रकार अमरीक सिंह रिंकू को कोरबा जिले का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में संगठन के प्रदेश कार्यालय द्वारा नियुक्ति पत्र जारी किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम एवं प्रदेश महासचिव कृष्ण कन्हैया गोयल के हस्ताक्षर से जारी नियुक्ति पत्र में अमरीक सिंह रिंकू को कोरबा जिले में संगठन का विस्तार करने, पत्रकारों को एकजुट करने तथा उनके हितों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया है।
अमरीक सिंह रिंकू की नियुक्ति पर जिले के पत्रकारों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और कोरबा जिले के पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
नवनियुक्त कोरबा जिला अध्यक्ष अमरीक सिंह रिंकू ने संगठन के प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले के सभी पत्रकारों को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाना और पत्रकार हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी।

