कोरबा, 26 जून 2026 (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) बिलासपुर के श्रद्धा महिला मंडल एवं मानव संसाधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “नारी राग-रंग महोत्सव–2026” का शुभारंभ हसदेव क्षेत्र के वसुंधरा क्लब में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच हुआ। महोत्सव में महिला अधिकारी, महिला कर्मचारी तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियां बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने महिलाओं की रचनात्मकता, कला, संस्कृति और बहुआयामी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का भी अवसर प्रदान करते हैं।
महोत्सव के प्रथम दिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें मेहंदी, आर्ट एंड क्राफ्ट, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, पेंटिंग, ड्राइंग, रंगोली, मोनो एक्ट, एंकरिंग, मिमिक्री, स्टैंड-अप कॉमेडी, नाटक तथा एकल गीत जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और रचनात्मकता के साथ अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन का माहौल रंगारंग बना रहा।
एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार “नारी राग-रंग महोत्सव–2026” का आयोजन कंपनी के सभी संचालन क्षेत्रों में किया जा रहा है। प्रत्येक क्षेत्र की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह महोत्सव प्रतिभागियों के लिए अपनी कला और हुनर को मंच देने के साथ-साथ आपसी संवाद एवं सहभागिता को भी मजबूत करने का माध्यम बन रहा है।

