रायपुर,25 जून (वेदांत समाचार)। पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा (कोतवाली, मध्य जोन, कमिश्नरेट रायपुर) द्वारा शासन की मंशानुसार पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा प्रभारी एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को अन्य राज्यों से होने वाली शराब तस्करी पर रोक लगाने एवं अवैध रूप से शराब की खरीदी-बिक्री करने वाले व्यक्तियों के संबंध में पतासाजी कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इसी कड़ी में सूचना प्राप्त हुई कि थाना गंज क्षेत्रांतर्गत गंजपारा स्थित बांसटाल पानी टंकी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों एवं थाना प्रभारी गंज के निर्देशन में थाना गंज पुलिस की टीम द्वारा उक्त स्थान पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति को चिन्हित कर पकड़ा गया। पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम आकाश बेसरा, पिता त्रिनाथ बेसरा, उम्र 26 वर्ष, निवासी गोकुल नगर, गली नंबर-04, लम्बू चाय दुकान के पास, उड़ीसा बस्ती, थाना गुढ़ियारी, रायपुर (छ.ग.) होना बताया।
टीम द्वारा उसकी तलाशी लेने पर उसके पास रखे जामुनी रंग के बैग में अवैध रूप से शराब रखी हुई पाई गई। शराब रखने एवं बिक्री करने के संबंध में आकाश बेसरा से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु वह किसी प्रकार का दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका तथा पुलिस टीम को लगातार गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इस पर आरोपी आकाश बेसरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध रूप से रखी गई 160 पौवा स्पेशल गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब, कुल 28.800 बल्क लीटर, कीमत 19,200 रुपये, तथा बिक्री की नगद राशि 510 रुपये, कुल जुमला कीमत 19,710 रुपये, जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी
आकाश बेसरा, पिता त्रिनाथ बेसरा, उम्र 26 वर्ष, निवासी गोकुल नगर, गली नंबर-04, लम्बू चाय दुकान के पास, उड़ीसा बस्ती, थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर

